गाजियाबाद पुलिस ने एक लाख के इनामी धर्मेंद्र ‘टिड्डी’ उर्फ बावरिया को एनकाउंटर में मार गिराया। मुठभेड़ बुधवार शाम साढ़े 6 निवाड़ी क्षेत्र में गंग नहर पटरी पर हुई। एनकाउंटर में दोनों ओर से 15 राउंड गोलियां चलीं। इसमें दो गोलियां धर्मेंद्र को लगीं।
एडिशनल डीसीपी क्राइम पीयूष सिंह ने बताया- अमरोहा के बशी गांव का रहने वाला धर्मेंद्र गाजियाबाद और बागपत में डकैती की वारदात करता था। पिछले एक साल से गाजियाबाद और बागपत पुलिस उसे तलाश रही थी। तीन पुलिसकर्मी विनीत, अमित और हिमांशु गोली लगने से घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड ने बताया- मुखबिर से धर्मेंद्र के बारे में सूचना मिली थी। एडिशनल डीसीपी क्राइम पीयूष सिंह के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम को गंग नहर पटरी पर लगाया गया था। इसी दौरान धर्मेंद्र बाइक से आता दिखा।
पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो धर्मेंद्र ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे भी दो गोली लगीं। पुलिस टीम ने इलाज के लिए उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां धर्मेंद्र की मौत हो गई। मौके से एक पिस्टल भी बरामद हुई है।
Copyright 2021 डिजिटल ऑल इंडिया न्यूज़- All Rights Reserved.