वियतनाम की राजधानी हनोई में मंगलवार सुबह एक रेस्टोरेंट में जोरदार धमाका हुआ। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 घायल हुए हैं। धमाके से आसपास की इमारतों की खिड़कियों के कांच टूट गए और दीवारों में दरारें आ गईं।
धमाके के बाद रेस्टोरेंट का एक हिस्सा भी ढह गया। पुलिस और बचाव दल मलबे में दबे लोगों की तलाश कर रहे हैं। शुरुआती जांच में गैस लीक होने से धमाके की आशंका जताई गई है।
रेस्टोरेंट में धमाका सुबह करीब 8 बजे डोंग दा स्ट्रीट पर बने एक हॉटपॉट रेस्टोरेंट में हुआ। इस दौरान आसपास की इमारतें भी हिल गईं। कई इमारतों की छतों और दुकानों के शेड भी टूट गए।
धमाके के बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। बचावकर्मी खास उपकरणों और खोजी कुत्तों की मदद से मलबे में लोगों की तलाश कर रहे हैं। कंक्रीट के भारी टुकड़े हटाने के लिए हाइड्रोलिक मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
अधिकारियों को आशंका है कि कुछ लोग अब भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। आसपास की कमजोर इमारतों में रहने वाले लोगों को भी सुरक्षा के लिए दूसरी जगह पहुंचाया गया है।
Copyright 2021 डिजिटल ऑल इंडिया न्यूज़- All Rights Reserved.