अमेरिका की वायुसेना के सबसे अहम डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हैकरों ने सेंध लगा दी है। इस हमले ने अमेरिकी सैन्य व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैकरों ने क्लाउड वन नाम के प्लेटफॉर्म को निशाना बनाया है, जहां वायुसेना के कर्मचारियों का रिकॉर्ड, भुगतान, हथियारों और सैन्य उपकरणों की जानकारी से जुड़े कई सिस्टम काम करते हैं। हमले का पता चलने के बाद प्लेटफॉर्म पर कई गतिविधियां रोकनी पड़ी हैं।
इस सेंधमारी का पता पिछले एक महीने के दौरान प्लेटफॉर्म को अपग्रेड करने के समय चला। इसके बाद अमेरिकी वायुसेना ने क्लाउड वन पर नए एप्लिकेशन यानी सॉफ्टवेयर जोड़ने की प्रक्रिया रोक दी। पहले से चल रहे सॉफ्टवेयर के अपडेट भी बंद कर दिए गए। कुछ यूजर के एडमिन अधिकार भी वापस ले लिए गए हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला किसने किया, हैकरों को सिस्टम तक कितनी पहुंच मिली और क्या वे कोई संवेदनशील जानकारी चुराने में सफल रहे।
हैकरों ने क्लाउड वन के कंट्रोल प्लेन में मौजूद सॉफ्टवेयर की एक खामी का फायदा उठाकर प्रवेश किया। कंट्रोल प्लेन वह हिस्सा होता है, जो पूरे क्लाउड सिस्टम के कामकाज और उसके ढांचे को नियंत्रित करता है। इसे एक ऐसे रिमोट की तरह समझा जा सकता है, जिससे पूरे सिस्टम पर नजर रखी जा सकती है और कई गतिविधियों को नियंत्रित किया जा सकता है। इस स्तर तक पहुंच मिलने पर हैकर सैन्य विमानों की स्थिति और उनके कलपुर्जों की आवाजाही जैसी जानकारी तक पहुंचने की क्षमता हासिल कर सकते हैं। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि हमलावरों ने वास्तव में ऐसी जानकारी देखी या हासिल की है।
क्लाउड वन पर ऐसे कई एप्लिकेशन चलते हैं, जो अमेरिकी वायुसेना के रोजमर्रा के कामकाज से लेकर सैन्य अभियानों तक में मदद करते हैं। इनमें कर्मचारियों का रिकॉर्ड, वेतन भुगतान, रसद और सैन्य उपकरणों के रखरखाव से जुड़े सिस्टम शामिल हैं। प्लेटफॉर्म पर क्लाउड आधारित कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम भी मौजूद है, जो उत्तरी अमेरिका के अलग-अलग हिस्सों से वायु रक्षा रडार और दूसरी सूचनाओं को एक साथ जोड़ता है। इसके अलावा थिएटर इंटीग्रेटेड कॉम्बैट म्यूनिशन सिस्टम के जरिए दुनिया भर में अमेरिकी वायुसेना के 200 से अधिक ठिकानों पर बमों और मिसाइलों का रिकॉर्ड रखा जाता है।
Copyright 2021 डिजिटल ऑल इंडिया न्यूज़- All Rights Reserved.