पश्चिम बंगाल में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के काफिले पर हमला
पश्चिम बंगाल में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के काफिले पर हमला:काले झंडे भी दिखाए, निशीथ प्रमाणिक पार्टी वर्कर्स से मिलने जा रहे थे
केंद्रीय गृह, युवा मामलों और खेल राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक के काफिले पर शनिवार को पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में पथराव कर दिया गया। हमले के बाद प्रमाणिक को काले झंडे दिखाए गए। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई भी हुई। घटना तब हुई जब वह दिनहाटा इलाके में पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने जा रहे थे। हमले के बाद सुरक्षा बलों ने पथराव करने वालों को खदेड़ने के लिए टीयर गैस के गोले दागे।
यहां कुछ दिनों पहले BSF की फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई थी। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी थी। तृणमूल कांग्रेस ने युवक की मौत का आरोप केंद्र सरकार पर लगाया था। पार्टी के स्थानीय विधायक और बंगाल सरकार में मंत्री उदयन गुहा ने यहां तक कह दिया था कि अगर निशीथ का कार्यक्रम इलाके में हुआ तो तृणमूल कांग्रेस वहां के अपने बूथ अध्यक्ष को हटा देगी।
हमले में निशीथ की कार का शीशा टूट गया। इसके बाद सुरक्षा गार्ड निशीथ को वहां से ले गए। हमले पर निशीथ ने कहा- बंगाल अब दुष्टों का साम्राज्य बन गया है। जिस तरह से बदमाश हमला कर रहे हैं, वहां कभी भी सामान्य राजनीतिक माहौल नहीं हो सकता। बंगाल के लोग, देखो क्या चल रहा है। टीएमसी के गुंडों का यह हमला लोकतंत्र पर हमला है। पूरा देश देख रहा है कि कैसे टीएमसी प्रायोजित आतंकवाद लोकतंत्र को पंगु बना रहा है। यह पश्चिम बंगाल राज्य में कानून व्यवस्था की पूरी तरह से विफलता का प्रमाण है। शर्म करें!
Copyright 2021 डिजिटल ऑल इंडिया न्यूज़- All Rights Reserved.
आपकी प्रतिक्रिया क्या है?