आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस में बदलाव का दौर शुरू हो गया है। फ्रेंचाइजी ने 17 अक्तूबर को महेला जयवर्धने के मुख्य कोच का पद छोड़ने की घोषणा की। उनके जाने के साथ ही टीम के अगले कदम और रोहित शर्मा की कप्तानी को लेकर चर्चा तेज हो सकती है। हालांकि, मुंबई इंडियंस ने रोहित की भूमिका को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
जयवर्धने ने मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच के रूप में दो कार्यकाल में काम किया। उनका पहला कार्यकाल 2017 से 2022 तक रहा, जबकि वह 2024 से 2026 के बीच फिर इस जिम्मेदारी में लौटे। उनके नेतृत्व में टीम ने तीन बार आईपीएल का खिताब जीता। टीम 2017, 2019 और 2020 में चैंपियन बनी। हालांकि, इसके बाद मुंबई का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है।
जयवर्धने का मुंबई इंडियंस के साथ एक दशक से अधिक समय तक जुड़ाव रहा। इस दौरान उन्होंने मुख्य कोच के रूप में तीन आईपीएल खिताब जीतने में टीम की मदद की। फ्रेंचाइजी ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने टीम की संस्कृति बनाने, खिलाड़ियों के बीच मजबूत तालमेल कायम करने और अनुशासन के साथ टीम को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।
मुंबई इंडियंस की ओर से जारी बयान में टीम की मालकिन नीता अंबानी ने जयवर्धने के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा, 'महेला ने वर्षों से मुंबई इंडियंस के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके शांत नेतृत्व, ईमानदारी और खेल के प्रति गहरे लगाव का हमारे लिए बहुत महत्व रहा है। पूरे एमआई परिवार की ओर से मैं उनके योगदान और वर्षों तक अटूट प्रतिबद्धता के लिए उनका धन्यवाद करती हूं। महेला हमेशा हमारे वन फैमिली का हिस्सा रहेंगे। हम उनके साथ बिताए सफर और उन यादों को हमेशा संजोकर रखेंगे। हम उनके भविष्य के सफर के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।'
Copyright 2021 डिजिटल ऑल इंडिया न्यूज़- All Rights Reserved.