17 दिन पहले हुई थी शादी, एक दर्जन बार चाकू से वार कर हत्या
पुलिस के अनुसार पति ने पत्नी की हत्या क्यों की इसका कारण अब तक अज्ञात है।

महू कोतवाली थानांतर्गत धार रोड पर बुधवार को एक नवविवाहिता की उसके पति ने धारदार हथियार से 10-12 वार कर निर्मम हत्या कर दी। इनकी शादी 17 दिन पहले ही हुई थी। इसके बाद युवती के सास-ससुर उसे अस्पताल लेकर गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपित पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उसे भी चोट आई है, जिसे इलाज के लिए ले जाया गया। इधर युवती के सास-ससुर लापता हो गए।
एडिशनल एसपी शशिकांत कनकने ने बताया कि अंजली और विक्रम पुत्र महेश सतोगिया की शादी 21 मई को हुई थी। गत चार-पांच दिनों से अंजली ससुराल में थी। विक्रम ने यह हत्या क्यों की। इस बात का अब तक पता नहीं चला है।
पुलिस के अनुसार पति विक्रम के हाथ पर चाकू से कटने के घाव हैं। वह अब तक कुछ नहीं बोला है। वहीं उसके मां-पिता फरार हैं। अंजली का मायका देपालपुर का है। पोस्टमार्टम करने वाले डा. हंसराज वर्मा ने बताया कि युवती पर मल्टीपल स्टेबिंग की गई है।
अंजली के पिता भरत यादव ने बताया कि लड़का और लड़की एक-दूसरे से करीब डेढ़ साल से बात करते थे। शादी के दो माह पहले सगाई भी हो गई थी। शादी के बाद अंजली मायके में थी। चार-पांच दिन पहले ही उसे ससुराल भेजा था। घटना की एक रात पहले मंगलवार को अंजली ने फोन पर कहा था कि मुझे लेने आ जाओ।
सुबह विक्रम के पिता महेश का फोन आया और घटना की जानकारी दी। जब हम पहुंचे तब मौके पर कोई नहीं था। लड़के को पुलिस ने पकड़ लिया। लड़के के परिवार की ओर से दहेज की मांग की जा रही थी।
आपकी प्रतिक्रिया क्या है?






