अमेरिका के कैलिफोर्निया में शनिवार सुबह 5.0 तीव्रता का भूकंप आया। इसके झटके लॉस एंजेलिस समेत आसपास के कई इलाकों में महसूस किए गए।
लॉस एंजेलिस इंटरनेशनल एयरपोर्ट (LAX) पर लैंड करने आ रहीं कई फ्लाइट्स को वापस भेजा गया। वहीं, एयरपोर्ट पर एक टर्मिनल की छत से टाइलें नीचे आ गिरीं। कई दुकानों में सामान गिर गया।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप सुबह करीब 9:30 बजे मैनहट्टन बीच से 6km दूर समुद्र में आया। इसका केंद्र जमीन से करीब 12km नीचे था।
लॉस एंजेलिस की मेयर करेन बैस ने कहा कि शुरुआती जांच में बड़े नुकसान की जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने लोगों को आफ्टरशॉक के प्रति सतर्क रहने और भूकंप के दौरान सुरक्षित जगह पर रहने की सलाह दी।
अमेरिकी सुनामी चेतावनी केंद्र ने भी स्पष्ट किया कि भूकंप से सुनामी का कोई खतरा नहीं है। स्थानीय प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
Copyright 2021 डिजिटल ऑल इंडिया न्यूज़- All Rights Reserved.