महादेव ऑनलाइन सट्टे की काली कमाई से बॉलीवुड फिल्म बनाने की योजना तैयार की गई थी। इसके लिए करीब 500 करोड़ रुपये खर्च करने और बड़े फिल्मी कलाकारों को साइन करने की तैयारी थी। ईडी की पूछताछ में महादेव सट्टा के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से मिली जानकारी के बाद इस दिशा में जांच की जा रही है। इसी बीच 15 करोड़ रुपये से अधिक लेकर केस मैनेज करने का भरोसा देने के आरोपी दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित का म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़ा बड़ा नेटवर्क सामने आया है। वह करोड़ों की म्यूजिक कंपनी ओसीएम रिकॉर्ड का को-फाउंडर है। ईडी को शक है कि सट्टे से अर्जित काली कमाई को म्यूजिक कंपनियों और फिल्म निर्माण के जरिए खपाने की कोशिश की गई।
जांच में सामने आया है कि हिमांशु दिल्ली की ओसीएम रिकॉर्ड के अलावा लाजपत नगर स्थित येस्या मीडिया प्राइवेट लिमिटेड से भी जुड़ा है। इस कंपनी में उसकी 75 प्रतिशत हिस्सेदारी बताई गई है। ओसीएम रिकॉर्ड के गानों में हास्य कलाकार हर्ष गुजराल और फुकरा इंसान जैसे चर्चित चेहरे काम कर चुके हैं। हिमांशु की मंगेतर चित्रांशी ध्यानी भी अभिनेत्री और सिंगर हैं।
ईडी की जांच में दिल्ली में छापेमारी के दौरान 60 करोड़ रुपये के हवाला लेजर और संदिग्ध नोट मिलने की जानकारी सामने आई है। एजेंसी हिमांशु और सौरभ चंद्राकर के बीच कथित 15 करोड़ रुपये के लेन-देन, हवाला नेटवर्क और म्यूजिक कंपनियों में निवेश के जरिए रकम खपाने के संदेह की पड़ताल कर रही है। आशंका है कि महादेव सट्टे से अर्जित करोड़ों रुपये कई रियल एस्टेट और होटल कारोबारियों तक पहुंचाए गए और उनका निवेश दुबई के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट तथा भारत के हॉस्पिटैलिटी कारोबार (ग्राहकों को आवास, भोजन और यात्रा से जुड़ी सेवाएं प्रदान करने वाला उद्योग) में किया गया।
Copyright 2021 डिजिटल ऑल इंडिया न्यूज़- All Rights Reserved.