पश्चिम बंगाल में लव मैरिज से नाराज पिता ने दामाद के घर पर फेका बम, गोलीबारी भी की

पश्चिम मेदिनीपुर जिले के चंद्रकोना दो ब्लॉक अंतर्गत धाईखंडे गांव में शुक्रवार देर रात हुई कथित हमले की घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

नवम्बर 28, 2026 - 19:25
 0  10  10
पश्चिम बंगाल में लव मैरिज से नाराज पिता ने दामाद के घर पर फेका बम, गोलीबारी भी की
पश्चिम मेदिनीपुर जिले के चंद्रकोना दो ब्लॉक अंतर्गत धाईखंडे गांव में शुक्रवार देर रात हुई कथित हमले की घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।  आरोप है कि बेटी के प्रेम विवाह से नाराज मायके वालों ने दामाद के घर को निशाना बनाते हुए बम फेंके और फायरिंग की। हालांकि, युवती के पिता ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। वहीं, घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद बम या गोलीबारी के निशान मिलने से इनकार किया है।  पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, धाईखंडे गांव के रहने वाले जसीमुद्दीन खान और नजदीकी खुर्शी गांव की आयशा सरकार के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। दोनों ने बीते अक्टूबर में विवाह कर लिया। आरोप है कि यह रिश्ता आयशा के परिवार वालों को मंजूर नहीं था, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ा और मामला अदालत तक जा पहुंचा।   विवादों के बावजूद आयशा ने अपने पति का साथ नहीं छोड़ा और मायके लौटने से इनकार कर दिया। पीड़ित पक्ष के अनुसार, शुक्रवार रात करीब एक बजे कुछ लोगों ने जसीमुद्दीन के घर पर धावा बोला। आरोप है कि घर को निशाना बनाकर बम फेंके गए और गोलियां भी चलाई गईं। जसीमुद्दीन ने इस पूरे घटनाक्रम के पीछे आयशा के पिता असगर सरकार की साजिश होने का दावा किया है।   उन्होंने कहा कि उन्हें पहले जान से मारने की धमकी दी गई और फिर हमला किया गया। इस मामले में युवती के माता-पिता और चाचाओं पर भी आरोप लगाए गए हैं। दूसरी तरफ, आयशा के पिता असगर सरकार ने तमाम आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि यह सब झूठ है। उनका दावा है कि बेटी के साथ उनके संबंध सामान्य हैं और वे खुद अपनी बेटी से मिलने उसके घर गए थे। लेकिन ससुराल वालों ने उन्हें बैठाए रखा और बेटी को कहीं गायब कर दिया। उन्होंने बिगड़े हालात के लिए जसीमुद्दीन को जिम्मेदार ठहराया है।  घटना की सूचना मिलते ही चंद्रकोना थाने की पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस जांच टीम के मुताबिक, घटनास्थल से बम या गोलियों के कोई निशान नहीं मिले हैं। पुलिस अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Copyright 2021 डिजिटल ऑल इंडिया न्यूज़- All Rights Reserved.

आपकी प्रतिक्रिया क्या है?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow