आबादी की जमीन की घरौनी में नाम दर्ज कराने के लिए पांच हजार रुपये की रिश्वत लेना लेखपाल को भारी पड़ गया। शनिवार को एंटी करप्शन वाराणसी मंडल की टीम ने तहसील परिसर के मुख्य गेट के सामने रिश्वत लेते लेखपाल मनोज कुमार पांडेय को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में खलबली मच गई।
एंटी करप्शन टीम के प्रभारी नीरज कुमार सिंह के अनुसार, बघांव गांव के देईपुर निवासी विनय यादव ने 23 नवंबर को कार्यालय में लिखित शिकायत दी थी। आरोप था कि उनकी मां सुदेसरी देवी के नाम आबादी की जमीन की घरौनी में दर्ज कराने के लिए रिपोर्ट लगाने के एवज में क्षेत्रीय लेखपाल मनोज कुमार पांडेय पांच हजार रुपये मांग रहे हैं। शिकायत मिलने पर टीम ने आरोपों की जांच की और कार्रवाई की योजना बनाई।
शनिवार को लेखपाल ने शिकायतकर्ता को रुपये देने के लिए जखनियां तहसील बुलाया था। तहसील के गेट नंबर एक के सामने जैसे ही विनय यादव ने उसे पांच हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली। कार्रवाई के दौरान लेखपाल ने बताया कि उसे संबंधित क्षेत्र में काम करते हुए अभी तीन महीने ही हुए हैं। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही तहसील के कर्मचारियों में चर्चा शुरू हो गई। एंटी करप्शन टीम आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी रही।
Copyright 2021 डिजिटल ऑल इंडिया न्यूज़- All Rights Reserved.