जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद आज से झारखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक चीफ जस्टिस बनाए गए हैं। ये वही जज हैं, जिनके खिलाफ तीन दिन पहले CJI सूर्यकांत ने शिकायतों पर जांच रिपोर्ट मांगी थी।
इन शिकायतों में जस्टिस प्रसाद की ईमानदारी पर सवाल उठाए गए थे। केंद्र सरकार ने 26 नवंबर को जस्टिस प्रसाद की नियुक्ति की अधिसूचना जारी की थी। जस्टिस एमएस सोनक के 27 नवंबर को रिटायर होने के बाद जस्टिस प्रसाद की नियुक्ति लागू हुई है।
मामला चर्चा में इसलिए भी है, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 24 नवंबर को कर्नाटक हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस विभु बाखरू को झारखंड हाईकोर्ट का नियमित चीफ जस्टिस बनाने की सिफारिश की थी।
बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, जस्टिस विभु बाखरू के नाम पर कॉलेजियम में अनौपचारिक चर्चा पहले ही हो चुकी थी। उनके नाम पर सहमति बनने के बाद 24 नवंबर की औपचारिक बैठक में सिफारिश को मंजूरी दी गई।
यह प्रस्ताव जस्टिस एमएस सोनक के रिटायर होने से खाली होने वाले पद के लिए था। कॉलेजियम ने इस फैसले को सोनक की रिटायरमेंट की तारीख पास आने के बाद औपचारिक रूप दिया था।
केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय की अधिसूचना में कहा गया कि राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत जस्टिस प्रसाद को चीफ जस्टिस के कामकाज की जिम्मेदारी सौंपी है।
यह व्यवस्था तब की जाती है, जब हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस का पद खाली हो या वे अपने कामकाज की जिम्मेदारी निभाने में सक्षम न हों।
Copyright 2021 डिजिटल ऑल इंडिया न्यूज़- All Rights Reserved.