बरात के जाम में 1 घंटे तक फंसी रही एंबुलेंस, अस्पताल पहुंचने से पहले महिला की मौत

आरोप है कि समय से अस्पताल नहीं पहुंच पाने के कारण महिला को बचाया नहीं जा सका।

नवम्बर 28, 2026 - 19:50
 0  3  3
बरात के जाम में 1 घंटे तक फंसी रही एंबुलेंस, अस्पताल पहुंचने से पहले महिला की मौत
शादी समारोह में बरात चढ़ने के दौरान सड़क पर डीजे की धुन पर नाचते बारातियों के कारण लगे जाम में एक महिला की जान चली गई। गंभीर हालत में पत्नी को लेकर बरेली जा रहे पति की एंबुलेंस करीब एक घंटे तक जाम में फंसी रही। आरोप है कि समय से अस्पताल नहीं पहुंच पाने के कारण महिला को बचाया नहीं जा सका। बरेली के हायर सेंटर पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पति ने मैरिज लान संचालक को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस से शिकायत की है। घटना थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में बदायूं-बरेली मार्ग की है। मृतका के पति भूपेंद्र के मुताबिक, उनकी पत्नी किरन लीवर की बीमारी से पीड़ित थीं। बरेली के प्रेमनगर स्थित एक हायर सेंटर में उनका उपचार चल रहा था। गुरुवार शाम करीब साढ़े आठ बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इस पर उन्होंने निजी एंबुलेंस बुलवाई और पत्नी को लेकर बरेली रवाना हुए। रात करीब नौ बजे प्रसाद मंदिर के पास पहुंचे तो एंबुलेंस जाम में फंस गई। पुरानी चुंगी स्थित पर्ल मैरिज लान में शादी समारोह के दौरान बरात चढ़ रही थी। डीजे पर नाचते बारातियों के कारण सड़क पर आवागमन बाधित हो गया था। भूपेंद्र का आरोप है कि प्रसाद मंदिर से शहीद भगत सिंह पुलिस चौकी तक वाहनों की लंबी कतार लगी थी। करीब एक घंटे तक एंबुलेंस जाम से नहीं निकल सकी। पत्नी की हालत लगातार बिगड़ रही थी और उन्हें तत्काल उपचार की जरूरत थी। काफी देर बाद रास्ता मिलने पर वह बरेली पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने किरन को मृत घोषित कर दिया। पति का कहना है कि समय से अस्पताल पहुंच जातीं तो शायद उनकी जान बच सकती थी। भूपेंद्र ने आरोप लगाया कि मैरिज लॉन में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं है। समारोहों के दौरान सड़क पर वाहन खड़े होने और बारात चढ़ने से अक्सर जाम लगता है। उन्होंने संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

Copyright 2021 डिजिटल ऑल इंडिया न्यूज़- All Rights Reserved.

आपकी प्रतिक्रिया क्या है?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow