रेलवे स्टेशन पर अधिकारी बनकर यात्रियों और कारोबारियों को डराने-धमकाने वाले ठगों ने इस बार करीब तीन करोड़ रुपए के सोने को निशाना बनाया था।
भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर सोना कारोबारी के कर्मचारी से 2 किलो 6 ग्राम सोना लेकर फरार होने के मामले का रेल पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है।
पुलिस ने उत्तर प्रदेश के तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर 612.74 ग्राम सोना और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
हालांकि, चोरी गए सोने का बड़ा हिस्सा अब भी पुलिस की पहुंच से बाहर है। उसकी बरामदगी के लिए छापेमारी और पूछताछ जारी है।
रविवार को गया जंक्शन स्थित रेल थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में रेल डीएसपी गुलशन कुमार ने बताया कि बरेली के संकल्प गोल्ड प्राइवेट लिमिटेड के मालिक संजय कुमार खंडेलवाल के कर्मचारी संजीव चौहान के साथ यह घटना हुई थी।
संजीव कंपनी का सोना लेकर कोलकाता गए थे। वहां से चंबल एक्सप्रेस से वापस बरेली लौट रहे थे। इसी दौरान 24 अक्टूबर को भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर दो व्यक्ति अधिकारी बनकर उनके पास पहुंचे।
दोनों ने खुद को अधिकारी बताते हुए कर्मचारी को अपने प्रभाव में लिया और उससे सोना व मोबाइल फोन ले लिया। इसके बाद उसे जेल भेजने और उसके मालिक के घर छापेमारी कराने की धमकी दी। भयभीत कर्मचारी कुछ समझ पाता, इससे पहले ही दोनों आरोपित सोना लेकर फरार हो गए।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 23 वर्षीय रोहित कुमार, 25 वर्षीय सचिन गंगवार और 29 वर्षीय वरुण कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तीनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपित सचिन गंगवार सोना कारोबारी संजय कुमार खंडेलवाल के यहां 15 हजार रुपए मासिक वेतन पर काम करता था।
Copyright 2021 डिजिटल ऑल इंडिया न्यूज़- All Rights Reserved.