रात के सन्नाटे में उजली स्कार्पियो गांव में पहुंची तो किसी को शक नहीं हुआ। गाड़ी से उतरे चार-पांच लोग पुलिस जैसी वर्दी में थे। हाथों में टार्च थी और अंदाज भी पुलिसकर्मियों जैसा। लेकिन ये पुलिस वाले नहीं, बकरियां चुराने आए शातिर चोर थे।
पहले ग्रामीणों की आंखों पर टार्च की तेज रोशनी डाली, फिर घरों के दरवाजे से बकरियां समेटकर चलते बने। शनिवार देर रात हुई इस घटना ने गांव के लोगों को चौंका दिया।
कल्याणपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर और फुलवरिया गांव में शनिवार रात करीब एक बजे स्कार्पियो से चार-पांच लोग पहुंचे। सभी पुलिस जैसी वर्दी पहने हुए थे। उनके हाथों में टार्च भी थी।
चोरों ने सबसे पहले जीवछ सिंह के दरवाजे को निशाना बनाया। उस समय जीवछ जाग रहे थे। उन्होंने वर्दी पहने लोगों को देखकर कुछ समझने की कोशिश की, तभी दो चोरों ने उनकी आंखों पर टार्च की तेज रोशनी डाल दी। इसका फायदा उठाकर अन्य चोर घर से दो बकरियां लेकर फरार हो गए।
इसके बाद चोर मोहम्मद भोला के दरवाजे पर पहुंचे। वहां से भी दो बकरियां और एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया। ग्रामीणों के अनुसार कपिल राय, जीवछ सिंह, मोहम्मद भोला और मोहम्मद इल्ताफ के घर से दो-दो बकरियां गायब हुई हैं। इस तरह चोर कुल आठ बकरियां लेकर फरार हो गए।
Copyright 2021 डिजिटल ऑल इंडिया न्यूज़- All Rights Reserved.