भगवंत मान ने अमृतपाल की गिरफ्तारी पर बताया -‘मुझे पहले से जानकारी थी, मैं पूरी रात नहीं सोया’
सीएम मान ने कहा कि पंजाब पुलिस चाहती तो 18 मार्च को भी अमृतपाल को गिरफ्तार किया जा सकता था।लेकिन पुलिस ने तब संयम का परिचय दिखाया। अब मुख्यमंत्री इस समय अमृतपाल की गिरफ्तारी से खुश हैं और पंजाब पुलिस की जमकर तारीफ की।

अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पहला बयान दे दिया है। उनकी तरफ से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना को लेकर विस्तार से बताया गया है। उन्होंने जोर देकर कहा है कि उन्हें इस कार्रवाई के बारे में पहले से पूरी जानकारी थी और वे इस वजह से पूरी रात सोए भी नहीं थे।
सीएम मान ने कहा कि पंजाब पुलिस चाहती तो 18 मार्च को भी अमृतपाल को गिरफ्तार किया जा सकता था। लेकिन पुलिस ने तब संयम का परिचय दिखाया। अब मुख्यमंत्री इस समय अमृतपाल की गिरफ्तारी से खुश हैं और उनकी तरफ से पंजाब पुलिस की जमकर तारीफ की गई है। उन्होंने दो टूक ये भी कहा है कि जो भी लोग देश की सुरक्षा में खतरा बनेंगे, उन्हें किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होती रहेगी। गिरफ्तारी से पहले की घटनाओं को लेकर सीएम ने कहा कि मैं तो हर 15 मिनट में पुलिस से बात कर रहा था। मेरा सिर्फ एक उदेश्य था, गिरफ्तारी के दौरान किसी भी तरह का खून खराबा नहीं होना चाहिए। मेरी पंजाब के लिए एक दिन की नींद क्यों ना चली जाए, लेकिन कानून व्यवस्था का बने रहना जरूरी है।
भगवंत मान ने इस बात पर भी जोर दिया कि जब से पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है, लोगों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। सीएम मान ने ये भी साफ कर दिया कि उनकी सरकार और पंजाब पुलिस की नीयत किसी भी आम नागरिक को परेशान करने की नहीं है। सरकार की तरफ से प्रोपेगेंडा वाली राजनीति नहीं की जाती है।
जानकारी के लिए बता दें कि खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह को रविवार सुबह (23 अप्रैल, 2023) पंजाब में मोगा में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने भगोड़े अमृतपाल सिंह और उसके संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ के सदस्यों के खिलाफ 18 मार्च को तब कार्रवाई शुरू की थी, जब उसके समर्थकों ने अजनाला पुलिस थाने पर धावा बोल दिया था। अभी के लिए पंजाब में शांति की स्थिति है और पुलिस की मुस्तैदी और ज्यादा बढ़ चुकी है।
आपकी प्रतिक्रिया क्या है?






