बोलेरो और ट्रैक्टर की टक्कर में दूल्हे समेत पांच की मौत, तीन की हालत गंभीर
हरदोई जिले में शुक्रवार रात दर्दनाक हादसा हुआ है। बरातियों से भरी बोलेरो अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे में दूल्हे समेत पांच की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हुए हैं।
#UPCM @myogiadityanath ने जनपद हरदोई में हुए सड़क हादसे में जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है।
मुख्यमंत्री जी ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) February 18, 2023
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। पचदेवरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात को हुए सड़क हादसे में दूल्हा समेत पांच लोगों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। डीएम, एसपी समेत अन्य अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। डीएम ने बताया कि अनियंत्रित होकर बोलेरो ट्रैक्टर से टकराई थी, जिसके बाद यह हादसा हो गया है।
हरपालपुर क्षेत्र के कुड़हा गांव के देवेश पुत्र ओमवीर की शुक्रवार को शादी थी। बताते हैं कि कई गाड़ियों में सवार होकर बराती शाहजहांपुर के कांट थाना क्षेत्र के अभायन गांव जा रहे थे। इन गाड़ियों में शामिल एक तेज रफ्तार बोलेरो ने पचदेवरा क्षेत्र के दरियाबाद गांव के पास गन्ने से भरी ट्रॉली में टक्कर मार दी। जिससे अनियंत्रित होकर बोलेरो बरवन रजबहा में जा गिरी। बोलेरो के अंदर आठ बराती मौजूद थे। जिनमें 12 वर्षीय रुद्र व दूल्हा देवेश के बहनोई बिपनेश निवासी जलालपुर पनबारा जनपद कन्नौज की मौके पर मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ शाहाबाद हेमंत उपाध्याय व पचदेवरा थानाध्यक्ष गंगाप्रसाद यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। राजेश द्विवेदी ने बताया कि सड़क हादसे में दूल्हे समेत पांच लोगों की मौत हुई है। घटना की जानकारी की जा रही है। तहरीर मिलने पर अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं इलाज के लिए जिला अस्पताल लाते समय दूल्हा देवेश (20), पिता ओमबीर, ड्राइवर सुमित सिंह की मौत हो गई। जबकि बोलेरो सवार अंकित, राजेश, जगतपाल को उनके परिजन इलाज के लिए फर्रुखाबाद लेकर चले गए। तीनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
आपकी प्रतिक्रिया क्या है?






