त्रिपुरा में जगन्नाथ रथ यात्रा में 7 की मौत, 18 लोग झुलसे

हादसा इस्कॉन की जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान हुआ। लोहे से बना रथ 133 केवी ओवरहेड केबल के संपर्क में आ गया था।

जून 28, 2023 - 20:48
 0  36
त्रिपुरा में जगन्नाथ रथ यात्रा में 7 की मौत, 18 लोग झुलसे

त्रिपुरा के उनाकोटि जिले में बुधवार शाम जगन्नाथ यात्रा का रथ हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। इससे दो बच्चों समेत 7 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 18 लोग झुलस गए। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया है। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने 22 मौतों की बात कही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस के मुताबिक यह हादसा इस्कॉन मंदिर की ओर से निकाली जा रही 'उल्टा रथ यात्रा' उत्सव के दौरान कुमारघाट इलाके में शाम 4:30 बजे हुआ। श्रद्धालु लोहे से बने रथ को खींच रहे थे। इसी दौरान रथ 133 केवी ओवरहेड केबल के संपर्क में आ गया।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रथ बिजली के तार के संपर्क में कैसे आया।

मान्यताओं के अनुसार, त्रिपुरा में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के एक सप्ताह बाद उल्टी रथ यात्रा निकलती है। इसमें भगवान के रथ को पीछे से खींचा जाता है। रथ पर भगवान जगन्नाथ के साथ भगवान बलभद्र और बहन सुभद्रा सवार रहती हैं।

मुख्यमंत्री माणिक साहा ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि हादसे में कई तीर्थयात्रियों की जान चली गई। वहीं, कई लोग घायल हैं। मैं इस घटना से दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना करता हूं। इस मुश्किल वक्त में राज्य सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है।

आपकी प्रतिक्रिया क्या है?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow