महिला टीचर ने किया सुसाइड, बोली- बाय..मैं जा रही हूं, आप लोग खुश रहना; अब कभी परेशान नहीं करूंगी
पिता ने बताया कि कुछ दिन पहले हम लोगों की बात बेटी से हुई थी। तब उसने फोन पर बताया था। ये लोग मुझे परेशान कर रहे हैं। हम लोग उसको जिस दिन लेने जाने वाले थे उसी दिन उसकी मौत हो गई।
कासगंज में एक शिक्षिका ने सुसाइड करते हुए लाइव वीडियो बनाया। महिला ने फोन में वीडियो रिकॉर्ड करते हुए जहर खा लिया। कुछ देर बाद महिला की मौत हो गई। वीडियो में उसने पति और ससुराल वालों का जिक्र किया। इसमें वह कह रही है,"बाय... मैं जा रही हूं। अब आप लोग खुश रहना। बहुत परेशान किया है न आप लोगों को। अब कभी परेशान नहीं करूंगी।" यह पूरा मामला कोतवाली गंज डुडवारा क्षेत्र का शुक्रवार का है। महिला टीचर का नाम रंजना था।
मामले में महिला के मायके वालों ने उसके पति, सास-ससुर, ननद और मौसी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज करते हुए पति और सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, ननद और मौसी की तलाश की जा रही है। महिला ने 17 मार्च को अपने ससुराल में जहर खाया था। रविवार को पुलिस को जांच में दौरान महिला के मोबाइल से उसका सुसाइड का वीडियो मिला है।
रंजना की उम्र 33 साल थी। रंजना गंज दुण्डवारा के वैदिक कन्या देवी इंटर कॉलेज में शिक्षिका थी। रंजना मैनपुरी की रहने वाली थी। उसकी शादी साल 2016 में कासगंज के महेन्द्र पाल से हुई थी। रंजना की एक पांच साल की बेटी भी है। जिसका नाम आदी है। वीडियो में रंजना उसका ख्याल रखने की बात कह रही है। रंजना का पति प्राइवेट नौकरी करता है।
इस मामले में गंज डुंडवारा कोतवाली प्रभारी हरिभान सिंह राठौर ने बताया कि मामले में मृतका के पिता धर्मेन्द्र सिंह की तहरीर पर मृतका के पति महेन्द्र सिंह, ससुर नेकसे लाल, सास मंजू लता, ननद और मौसी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पति, ससुर और सास को उनके एक रिश्तेदार के गांव से गिरफ्तार किया गया है। उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। बाकी की तलाश जारी है। सभी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आपकी प्रतिक्रिया क्या है?