'मानहानि का केस करूंगा अगर मेरे खिलाफ एक भी शब्द बोले' - हिमंत बिस्वा सरमा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर पलटवार किया। साथ ही केजरीवाल को चुनौती भी दी। उन्होंने कहा कि मेरे खिलाफ एक भी शब्द बोलकर दिखाएं अगले ही दिन मानहानि का केस करूंगा।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल मेरे खिलाफ एक भी शब्द बोलकर दिखाएं। अगले दिन मैं उन पर मानहानि का मुकदमा करूंगा।
हाल ही में अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा में कहा था कि ईडी और सीबीआई ने देश के सभी भ्रष्ट लोगों को एक पार्टी में इकट्ठा कर दिया। ईडी-सीबीआई ने छापा मारते हैं और बंदूक रखते हैं और कहते हैं कि जेल जाना है या फिर भाजपा में जाना है। मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के यहां पर बंदूक रखी।
उन्होंने आगे कहा था कि हिमंत बिस्वा सरमा के यहां पर गए, तो उन्होंने कहा कि भाजपा में जाना मंजूर है। उन्होंने चोरी कर रखी थी। इसी प्रकार नारायण राणे, सुवेंदु अधिकारी समेत तमाम लोग भाजपा में शामिल हो गए। जिस दिन प्रधानमंत्री मोदी पीएम नहीं रहेंगे, भारत 'भ्रष्टाचार मुक्त भारत' बन जाएगा... जिस दिन उनकी सरकार सत्ता से बाहर हो जाएगी, भाजपा के लोगों को सलाखों के पीछे डाल देंगे, देश भ्रष्टाचार मुक्त होगा।
इसी बीच हिमंत बिस्वा सरमा ने अरविंद केजरीवाल पर पलटवार करते हुए उन्हें चुनौती दे डाली। उन्होंने कहा कि क्या मेरे खिलाफ कोई FIR है? मैं मानहानि का मुकदमा दायर करना चाहता था, लेकिन अरविंद केजरीवाल कायरों की तरह विधानसभा के अंदर बोल गए। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वे मेरे खिलाफ एक भी मामला दिखाएं।
उन्होंने आगे कहा कि 2 अप्रैल को अरविंद केजरीवाल यहां आएं और मेरे खिलाफ एक भी शब्द बोलें। अगले ही दिन मैं उनके खिलाफ मानहानि का केस करूंगा। यही मैंने मनीष सिसोदिया के खिलाफ किया था। आपको दिल्ली विधानसभा में किसी के खिलाफ कुछ नहीं कहना चाहिए जहां वे खुद का बचाव करने के लिए नहीं हैं।
आपकी प्रतिक्रिया क्या है?






