देवबंद में दलित नेता चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला, कार सवार बदमाशों ने की फायरिंग
आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद पर देवबंद में जानलेवा हमला हुआ है। कार सवार बदमाशों ने चंद्रशेखर की गाड़ी पर फायरिंग की है। इसमें वह घायल हो गए हैं।

सहारनपुर में भीम आर्मी प्रमुख और दलित नेता चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला हुआ है। बुधवार को देवबंद इलाके में चंद्रशेखर आजाद के गाड़ी पर कार सवार बदमाशों ने हमला कर दिया है। इस जानलेवा हमले में चंद्रशेखर घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए देवबंद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के बाहर उनके समर्थकों की भीड़ लगी हुई है।
पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई है और इलाके की घेराबंदी कर बदमाशों की गिरफ्तारी में जुट गई है। जानकारी अनुसार जिला कलेक्टर और एसएसपी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। साथ ही आसपास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
बताया जा रहा है कि चंद्रशेखर अपनी फॉर्चूनर कार से देवबंद में संगठन के एक साथी एडवोकेट अजय के घर गए थे। अजय की मां का 2 दिन पहले निधन हो गया था। चंद्रशेखर जैसे ही अजय के घर से निकले, तभी अचानक उनकी गाड़ी पर हरियाणा नंबर कार से आए हमलावरों ने फायरिंग कर दी। गोली चंद्रशेखर के पेट से छूकर निकल गई। फायरिंग में कार के शीशे टूट गए हैं। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
भीम आर्मी चीफ ने बताया, "मुझे याद नहीं है लेकिन मेरे लोगों ने उनकी पहचान की है। उनकी गाड़ी आगे सहारनपुर की तरफ भागी। हमने यू टर्न ले लिया। हमारी गाड़ी अकेली ही थी, कुल 5 लोग थे। हमारे साथी डॉक्टर को भी शायद गोली लगी है।"
आपकी प्रतिक्रिया क्या है?






