सूडान में बिहार के युवक की सिर में गोली मारकर हत्या
सिवान के एक युवक की सूडान में गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक की पहचान दारौंदा थाना क्षेत्र के कौथुआसारंगपुर के अरविंद कुमार साह के रूप में हुई है। घटना दो जुलाई की है।

सिवान के एक युवक की सूडान में गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक की पहचान दारौंदा थाना क्षेत्र के कौथुआसारंगपुर के अरविंद कुमार साह के रूप में हुई है। घटना दो जुलाई की है। हालांकि अरविंद के परिवार को इसकी सूचना पांच जुलाई की शाम को मिली है।
अरविंद की मौत की सूचना मिलते ही उसकी पत्नी किरण देवी बेहोश होकर गिर पड़ी। परिवार के सदस्यों ने आनन-फानन में महिला को इलाज के लिए महाराजगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सक की देखरेख में अभी उसका इलाज चल रहा है।
परिवार के अनुसार, अरविंद की हत्या वहां की स्थानीय भाषा नहीं बोलने को लेकर की गई है। मृतक अरविंद के स्वजनों ने बताया कि जिसने अरविंद की हत्या की जानकारी दी, उसने बताया कि वर्दी पहने कुछ लोग अचानक घर में घुसे और पूछा कि तुम्हें स्थानीय भाषा आती है। इस पर अरविंद ने इनकार किया तो हथियारबंद आरोपियों ने अरविंद के सिर में गोली मार दी।
इस घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है। बताया जाता है कि अरविंद कुमार साह चार फरवरी 2023 को सूडान कमा करने के लिए गया था। दो जुलाई को उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूडान में उसके साथी दोस्त विनोद साह ने इस घटना की सूचना अपने स्वजनों को तीन फरवरी को दी थी। इसके बाद किसी रिश्तेदार के माध्यम से घटना की सूचना मृतक के स्वजन को बुधवार की शाम मिली।
अरविंद के पिता बच्चा साह ने बताया कि एक साल पहले ही अरविंद की शादी हुई थी। उसे तीन महीने की बेटी भी है। अरविंद चार फरवरी को अपने दोस्त विनोद साह के साथ सूडान गया था। उसी गांव के अमित कुमार सिंह ने इन दोनों को सूडान भेजने में सहयोग किया था।
उन्होंने बताया कि अरविंद सूडान में किस कंपनी में काम करता था, इसकी जानकारी परिवार वालों को नहीं हैं। घटना की जानकारी के लिए उसके दोस्त विनोद साह संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो पा रहा है।
आपकी प्रतिक्रिया क्या है?






