बीमा करवाने के बहाने युवती को घर पर बुलाया, फिर किया दुष्कर्म
बीमा कंपनी में काम करने वाली युवती को पॉलिसी के बहाने घर पर बुलाने के बाद 52 वर्षीय आरोपित ने दुष्कर्म कर दिया। पीड़िता ने थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

बीमा कंपनी में काम करने वाली युवती को पॉलिसी के बहाने घर पर बुलाने के बाद 52 वर्षीय आरोपित ने दुष्कर्म कर दिया। यही नहीं, घर पर मौजूद डॉक्टर व एक अन्य आरोपित ने 26 साल की इस युवती से अश्लील हरकतें की। किसी तरह से खुद को छुड़ाने के बाद घर से भागकर लड़की सीधे पुलिस थाने पहुंची।
युवती ने थाने में जाकर केस दर्ज कराया। यहां लाहौरी गेट थाना पुलिस ने पीड़ित युवती के बयानों पर आरोपित गुरविंदर सिंह उम्र करीब 52 साल निवासी नजदीक पंचायती गुरुद्वारा साहिब रेलवे स्टेशन सरहिंद रोड जिला फतेहगढ़ साहिब, डाक्टर व एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
यह मामला बीती आठ अप्रैल को दर्ज किया है, जिसकी पुष्टि करते हुए थाना लाहौरी गेट के इंचार्ज रमनप्रीत सिंह ने कहा कि मुख्य आरोपित गुरविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इसने अपने डॉक्टर साथी के घर पर लड़की को बुलाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया था।
पीड़िता के अनुसार वह बजाज एलायंस कंपनी में प्राइवेट नौकरी करती है। कंपनी में काम करने के दौरान उसने आरोपित गुरविंदर सिंह को कॉल करके इन्वेस्टमेंट पॉलिसी के बारे में बताया था। पांच अप्रैल को आरोपित ने कहा कि वह पटियाला में किसी दोस्त के पास आया है और वहां पर आकर बात कर ले। आरोपित के बुलाने पर पीड़िता बस स्टैंड पहुंच गई तो गुरविंदर सिंह ने कहा कि उसने अपना ड्राइवर भेज दिया है। बस स्टैंड पर आए व्यक्ति ने कहा कि वह डाइटीशियन का डॉक्टर है और गुरविंदर का दोस्त है।
खुद को डॉक्टर कहने वाला यह व्यक्ति पीड़िता को अपने साथ घर पर ले गया, जहां पर कुछ देर बाद गुरविंदर सिंह एक अन्य साथी के साथ आया। यहां गुरविंदर सिंह ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया और अन्य दोनों आरोपितों ने उसके साथ अश्लील छेड़छाड़ की। बड़ी मुश्किल से खुद को छुड़ाने के बाद पीड़िता घर से भागी और बाद में पुलिस थाने में शिकायत कर दी।
आपकी प्रतिक्रिया क्या है?






