शाहजहांपुर में साउथ कोरिया से आ गई बहू

अभी तक पाकिस्तान से आई सीमा हैदर और देश से पाकिस्तान गई अंजू नसरुल्लाह प्रकरण शांत नहीं हुआ। एक नया मामला सामने आ गया है। साउथ कोरिया की लड़की को शाहजहांपुर का लड़का इतना पसंद आया कि वह भारत पहुंची। इसके बाद शाहजहांपुर में एक गुरुद्वारे में दोनों ने शादी रचा ली।

अगस्त 20, 2023 - 21:47
 0  24
शाहजहांपुर में  साउथ कोरिया से आ गई बहू

साउथ कोरिया की लड़की किम बोह नी को शाहजहांपुर का लड़का सुखजीत सिंह इतना पसंद आया कि उसने दोनों देशों की सीमा लांघ दी। वह भारत आई। शाहजहांपुर के पुवायां इलाके के उदना गांव में पहुंच कर अपने प्रेमी के साथ शादी के बंधन में बंध गई। दोनों ने शाहजहांपुर के गुरुद्वारे में सात फेरे लिए। इस अनोखी शादी की चर्चा इस समय खूब हो रही है।

सुखजीत और किम की स्थानीय गुरुद्वारे में शादी कराई गई। इस शादी को लेकर परिवार में खुशी का माहौल दिखा। परिवार के सभी लोग शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे।

सुखजीत सिंह और किम बोह नी की मुलाकात छह साल पहले हुई थी। दरअसल, सुखजीत छह साल पहले दक्षिण कोरिया के बुसान शहर में कॉफी रेस्टोरेंट में काम करने गए थे। वहीं पर किम भी काम करती थी। दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी और दोनों प्रेम के बंधन में बंध गए।

सुखजीत सिंह छह माह की छुट्‌टी पर अपने घर शाहजहांपुर आया हुआ है। इस दौरान किम साउथ कोरिया में अकेली हो गई थी। उसे यह दूरी रास नहीं आई। इसके बाद वह भी शाहजहांपुर पहुंच गई। घर पर किम को देखकर सुखजीत की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

किम के साथ शादी के बाद अब सुखजीत साउथ कोरिया में ही बसना चाहता है। उसने कहा कि हम दोनों इस रिश्ते को लेकर काफी खुश हैं। किम को भी सुखजीत का गांव और खेत-खलिहान खूब रास आ रहे हैं।

आपकी प्रतिक्रिया क्या है?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow